चारधाम यात्रा मार्ग पर स्वच्छ और शुद्ध भोजन के लिए व्यापक तैयारी

देहरादून ,

चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को स्वच्छ और शुद्ध भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रा मार्ग पर क्विक रिस्पांस टीमों और मोबाइल फूड सेफ्टी वैन की तैनाती की गई है, जो खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करेंगी और शिकायतों का तुरंत समाधान करेंगी। इसके लिए विभाग ने टोल-फ्री नंबर 18001804246 भी जारी किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इस वर्ष यात्रा को “हरित यात्रा” थीम के तहत संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में विभाग द्वारा यात्रा मार्ग के प्रमुख शहरों में होटल और ढाबा संचालकों के साथ प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। अब तक उत्तरकाशी, श्रीनगर, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग सहित कई स्थानों पर 250 से अधिक कारोबारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

प्रशिक्षण कार्यक्रमों में होटल संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने, शुद्ध और ताजा भोजन परोसने तथा तेल, नमक और चीनी का सीमित उपयोग करने की सलाह दी जा रही है, जिससे मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित यात्रियों को राहत मिल सके। साथ ही, खाद्य तेल का बार-बार उपयोग न कर उसे बायोफ्यूल के लिए उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।

राज्य सरकार का उद्देश्य है कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को न केवल सुरक्षित भोजन मिले, बल्कि यात्रा के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम कर पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *