देहरादून ,
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार जनपद में पेंशनरों के भौतिक सत्यापन हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। समाज कल्याण, महिला कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा इस अभियान के पहले चरण में सहसपुर और डोईवाला विकासखंडों में शिविर लगाए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि 22 अप्रैल को सहसपुर ब्लॉक के ग्राम खुशहालपुर स्थित पंचायत भवन तथा 24 अप्रैल को डोईवाला ब्लॉक के राइका बुल्लावाला में सुबह 11 बजे से सत्यापन प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में ग्राम प्रधान, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। मौके पर ही परिवार रजिस्टर की नकल प्रस्तुत कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पेंशनरों—जिनमें वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा और परित्यक्ता शामिल हैं—को स्वयं शिविर में उपस्थित होकर अपने वोटर आईडी और आधार कार्ड की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथियों पर सत्यापन न कराने वाले पेंशनरों की आगामी पेंशन राशि रोकी जा सकती है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और शत-प्रतिशत पेंशनरों का सत्यापन समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।
