देहरादून ,
राजपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मॉर्निंग वॉक के दौरान लगी थी गोली
30 मार्च 2026 की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि मालसी की ओर से जोहड़ी गांव की तरफ तेज गति से आ रही दो गाड़ियों—स्कार्पियो-एन और दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के बीच फायरिंग हो रही थी।
इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे मुकेश कुमार जोशी (74) निवासी तुला अपार्टमेंट, जोहड़ी गांव को गोली लग गई। उन्हें तुरंत इलाज के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
मृतक के साढ़ू भाई राकेश कुमार उप्रेती की तहरीर पर राजपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3/5/125 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत जांच शुरू की।
बार में विवाद बना फायरिंग की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि फॉर्च्यूनर कार में सवार लोग कुठालगेट स्थित ZEN–Z बार में काम करते थे। 29 मार्च की रात बार में आए स्कार्पियो सवार युवकों—शांतनु त्यागी, आदित्य चौधरी और कविश त्यागी—का बिल कम कराने को लेकर बार कर्मचारियों से विवाद हो गया था।
अगली सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे का पीछा करते हुए फायरिंग करने लगे। इसी दौरान चली गोली मॉर्निंग वॉक कर रहे बुजुर्ग को लग गई।
पहले 4 आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—
- रोहित कुमार
- मौ. अखलाक उर्फ साबिर
- संदीप कुमार
- आदित्य चौधरी
को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनके पास से घटना में प्रयुक्त दो देशी तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए थे।
तीन और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- आदेश गिरी (50) निवासी शामली, उत्तर प्रदेश
- समीर चौधरी (21) निवासी मंगलौर, हरिद्वार
- मोहित अरोड़ा (28) निवासी उत्तम नगर, नई दिल्ली
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
