देहरादून में सिलसिलेवार हत्याओं से सनसनी, जंगल से मिला युवक का शव

देहरादून ,

देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित चिड़ियापुर के जंगल में फेंक दिया गया। श्यामपुर पुलिस की मदद से देहरादून पुलिस ने जंगल में रेत में दबाया गया शव बरामद कर लिया है।

पिछले 15 दिनों में हुई चार हत्याओं ने दून में दहशत का माहौल बना दिया है। शुक्रवार को सिल्वर सिटी मॉल में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब मंगलवार को एक और हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसमें दोस्तों ने नशे में हुए विवाद के बाद अपने ही दोस्त की हत्या कर दी।

हाल के हफ्तों में देहरादून जिला अपराध की घटनाओं को लेकर लगातार सुर्खियों में रहा है। कई हत्याओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ी है। विक्रम हत्याकांड के बाद बढ़ते आक्रोश को देखते हुए सरकार ने पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया। आठ जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई, वहीं 48 घंटे के भीतर दो हत्याओं के बाद देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को हटाकर प्रमेंद्र सिंह डोबाल को नया कप्तान बनाया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अपराध रोकने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने मुखबिर तंत्र मजबूत करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया। इसके बाद पुलिस ने पूरे जिले में व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया और सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई। इसी बीच एक और हत्याकांड का खुलासा हो गया। हालांकि यह हत्या नौ फरवरी को हुई थी, लेकिन इसका खुलासा मंगलवार को हुआ।

इस माह की प्रमुख हत्या की वारदातें

02 फरवरी : गुंजन हत्याकांड
दूल्हा बाजार में एक युवक ने गुंजन श्रीवास्तव की चापड़ से काटकर हत्या कर दी थी। आरोपी आकाश और गुंजन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत पहले पुलिस तक पहुंची थी। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी, जिसने जांच के बाद चार्जशीट दाखिल कर दी है।

11 फरवरी : अर्जुन शर्मा हत्या
तिब्बती मार्केट के बाहर टेनिस खेलकर लौट रहे गैस कारोबारी अर्जुन शर्मा की दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से शहर में सनसनी फैल गई थी। हत्या की साजिश में अर्जुन की मां और उसके साथी पर आरोप लगा है।

13 फरवरी : विक्रम शर्मा हत्याकांड
सिल्वर सिटी मॉल में झारखंड के हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सीढ़ियों के पास घात लगाए बैठे दो शूटरों ने उसके सिर पर नजदीक से कई गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद शूटर फरार हो गए और चार दिन बाद भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

17 फरवरी : दिगंबर धीमान की हत्या
ताजा मामला दिगंबर धीमान की हत्या का है। हत्या नौ फरवरी को हुई थी, लेकिन पुलिस जांच में इसका खुलासा मंगलवार को हुआ। 11 फरवरी को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लगातार जांच के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर दिगंबर का शव बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *