देहरादून ,
राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) द्वारा शहर के व्यस्ततम मार्गों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से पैदल गश्त करें। साथ ही आम जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी लें तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निर्देशों के क्रम में जनपद के नगर एवं देहात क्षेत्रों में पुलिस अधीक्षक नगर, विकासनगर, ऋषिकेश तथा समस्त क्षेत्राधिकारियों द्वारा अपने-अपने सर्किलों में व्यस्त बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पैदल भ्रमण किया गया।
स्वयं एसएसपी ने नगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने पर बल दिया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के नियमित पैदल भ्रमण से न केवल अपराध पर नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित होगा।