देहरादून,
जिले के विकासखंड डोईवाला के ग्राम इठारना में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्राप्त शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत गौहरी माफी के दो मामलों में मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न किए जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 01 दिसंबर 2025 को आयोजित शिविर में प्रदीप सिंह पुत्र स्व. भगत सिंह तथा बलवीर सिंह रावत पुत्र स्व. चंदन सिंह ने अपने परिजनों के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में 18 दिसंबर 2025 को उपजिलाधिकारी ऋषिकेश द्वारा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद 29 दिसंबर 2025 को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), विकासखंड डोईवाला को तीन दिन के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके बावजूद पंचायत स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई न होने पर शिकायत दोबारा जिलाधिकारी तक पहुंची। मामले में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रकरण के निस्तारण तक जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), देहरादून के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश जारी कर दिए।
वेतन रोकने की कार्रवाई के बाद संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा 08 फरवरी 2026 को दोनों मृतकों—स्व. भगत सिंह और स्व. जयवती देवी—के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। प्रकरण के निस्तारण के उपरांत डीपीआरओ के वेतन आहरण पर लगी रोक हटाने के आदेश भी जारी कर दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।