देहरादून में अपराध बेलगाम: डालनवाला क्षेत्र में कारोबारी की सरेराह गोली मारकर हत्या

देहरादून ,

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या, कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार में युवती की गला रेतकर हत्या के बाद अब एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार सुबह कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में एक कारोबारी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई।

घटना तिब्बती मार्किट और परेड ग्राउंड के समीप की बताई जा रही है, जहां अज्ञात बदमाशों ने कारोबारी के सीने में गोली मार दी। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। खेल समाप्त करने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता इस बात से और बढ़ जाती है कि जहां यह हत्या हुई, वह स्थान पुलिस मुख्यालय से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है। इसके अलावा देहरादून प्रेस क्लब, एक कॉन्वेंट स्कूल और अन्य व्यस्त संस्थान भी घटनास्थल के बेहद नजदीक स्थित हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *