गलत दिशा में खतरनाक ड्राइविंग पर दून पुलिस की सख्त कार्रवाई, चालक के खिलाफ अभियोग दर्ज

देहरादून ,

सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसपी दून के सख्त निर्देशों के क्रम में दून पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। सार्वजनिक मार्ग पर गलत दिशा में लापरवाही व खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालक के विरुद्ध थाना नेहरू कॉलोनी में धारा 281 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को तेज गति, गलत दिशा में वाहन संचालन और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में दिनांक 05 फरवरी 2026 की रात थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

चेकिंग के दौरान जोगीवाला चौक से कैलाश कट के पास एक वाहन विपरीत दिशा में तेज और खतरनाक तरीके से आते हुए पाया गया। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। वाहन चालक शक्ति शरण उपाध्याय पुत्र श्रीनिवास उपाध्याय, निवासी जोगीवाला, देहरादून द्वारा गलत दिशा में वाहन चलाने के संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया।

पुलिस के अनुसार चालक द्वारा लोक मार्ग पर विपरीत दिशा में तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर स्वयं एवं आमजन के जीवन को खतरे में डाला गया, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटना या शारीरिक क्षति की संभावना बनी हुई थी। इस दृष्टिगत वाहन संख्या यूके-07-एएस-3270 को मौके पर ही सीज कर दिया गया तथा चालक के विरुद्ध थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0 52/26, धारा 281 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी जिम्मेदारी समझें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *