उत्तराखंड में आज और कल मौसम साफ, 9 फरवरी से बदलेगा मिजाज

देहरादून ,

उत्तराखंड में आज और कल यानी शनिवार व रविवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) देहरादून के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में इन दो दिनों के दौरान बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप खिलने से लोगों को राहत मिलेगी, हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहेगा।

सुबह के समय हरिद्वार, हल्द्वानी, अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिससे कुछ देर के लिए दृश्यता प्रभावित हुई। वहीं पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में हल्की धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत महसूस की गई।

प्रदेश के चारों धाम—गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। गंगोत्री प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार शून्य से नीचे तापमान रहने के कारण गंगोत्री क्षेत्र बर्फ की मोटी चादर से ढका हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार 9 फरवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 9, 10 और 11 फरवरी के दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और बर्फबारी से पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *