देहरादून ,
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के निर्देशानुसार शनिवार को राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, सुद्धोवाला में तम्बाकू जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा ने तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कोटपा अधिनियम 2003 की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ तम्बाकू की शारीरिक एवं मानसिक निर्भरता के कारणों पर भी प्रकाश डाला।
इस जागरूकता कार्यक्रम में कॉलेज की 70 छात्राओं एवं फैकल्टी सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम से पूर्व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 35 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की ओर से पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान Tobacco Free Educational Institution गाइडलाइन के सभी मानकों को पूर्ण करने पर राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज सुद्धोवाला को तम्बाकू मुक्त शैक्षिक संस्थान घोषित किया गया। इस अवसर पर प्रकोष्ठ की ओर से संस्थान को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएचएम) डॉ. बिमलेश जोशी ने बताया कि जनपद के शैक्षिक संस्थानों में युवाओं को तम्बाकू उत्पादों से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है, ताकि युवा पीढ़ी तम्बाकू सेवन से दूर रह सके।
कार्यक्रम में संस्थान की प्रधानाचार्य श्रीमती सरिता कटियार, कॉलेज फैकल्टी सदस्य रोमी, जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ से रेखा उनियाल एवं प्रवीन खत्री सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।