ग्राम बिनारासी में आपसी विवाद के दौरान दो हत्याओं से फैला था तनाव
हरिद्वार,
एक फरवरी को ग्राम बिनारासी में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद घटित दोहरे हत्या प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 11 वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा एवं कारतूस भी बरामद किया है।
घटना एक फरवरी को रविदास जयंती की शोभायात्रा के शांतिपूर्ण समापन के बाद शाम लगभग 5 बजे की है। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपित विशाल ने अपने परिजनों व साथियों के साथ मिलकर गांव के ही युवक आनंद को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित आनंद पक्ष के लोगों ने विशाल के चाचा मांगेराम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। इसके साथ ही विशाल पक्ष के कुछ घरों में आगजनी व तोड़फोड़ कर शांति व्यवस्था भंग की गई।
प्रकरण की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रमेन्द्र सिंह डोबाल द्वारा तत्काल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले कुछ पुलिस कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की गई। साथ ही विशेष पुलिस टीमों का गठन कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
गठित पुलिस टीमों द्वारा की गई कार्रवाई में दोनों अभियोगों से संबंधित कुल 11 वांछित आरोपितों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त आरोपित विशाल की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
हत्या का कारण
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित विशाल को संदेह था कि मृतक आनंद का उसकी बहन से संबंध है। इसी शक के चलते विशाल ने अपने परिजनों व साथियों के साथ मिलकर आनंद की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आनंद की हत्या से आक्रोशित होकर उसके पक्ष के लोगों ने विशाल के चाचा मांगेराम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी तथा विशाल पक्ष के घरों में आगजनी व तोड़फोड़ की, जिसमें अन्य लोग भी घायल हुए।
बरामदगी
आरोपित विशाल की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में शांति व्यवस्था भंग करने एवं गंभीर अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।