देहरादून ,
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूर्ण गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ समयबद्ध रूप से किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन मुख्यमंत्री स्तर की प्राथमिक शिकायत निवारण व्यवस्था है, ऐसे में इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सीएम हेल्पलाइन पर कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। जिन मामलों में अनावश्यक विलंब पाया गया, उनमें तत्काल निस्तारण करने तथा गुणवत्तापूर्ण फीडबैक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद संतुष्टि आधारित एवं तथ्यपरक आख्या सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से सीधे संवाद स्थापित कर समस्या की वास्तविक स्थिति को समझते हुए समाधान किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता न पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कृष्ण कुमार मिश्रा, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त नगर निगम संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
