देहरादून ,
राजधानी में क्रिसमस डे, विंटर कार्निवल एवं न्यू ईयर के अवसर पर पर्यटकों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए संपूर्ण जनपद में जनता की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस ड्यूटियां लगाई गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह (SSP) द्वारा पर्व-त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अंतर्गत लगातार गश्त, चेकिंग एवं यातायात ड्यूटी में तैनात कर्मियों को नियमित रूप से ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज 25-12-2025 को क्रिसमस डे के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए देहरादून जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बनाए गए ड्यूटी पॉइंट्स का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क दृष्टि बनाए रखते हुए पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जनपद में क्रिसमस डे, विंटर कार्निवल एवं न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान जनता व पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी ड्यूटी प्वाइंट्स पर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारियों द्वारा पुलिस बल को लगातार ब्रीफ किया जा रहा है तथा स्वयं भी नियमित चेकिंग की जा रही है।
एसएसपी देहरादून ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात या सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने वाले, हुड़दंग करने अथवा अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सकें।
