तेज व लापरवाही से वाहन चलाकर महिला की मौत करने वाला आरोपी दून पुलिस द्वारा राजस्थान से गिरफ्तार

देहरादून ,

तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाकर एक महिला को टक्कर मारकर फरार हुए आरोपी को दून पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।

थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत पवन कुमार गुप्ता पुत्र राम प्रताप गुप्ता, निवासी C-6 दून बिहार, जाखन, राजपुर द्वारा थाना राजपुर में प्रार्थना पत्र दिया गया। उन्होंने बताया कि दिनांक 14.12.2025 को उनकी पत्नी सुबह घूमने निकली थीं। राजपुर रोड पर अम्मा कैफे से साईं मंदिर के बीच एक अज्ञात कार चालक ने तेज व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी पत्नी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में महिला को मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर मुoअoसंo–233/2025 धारा 105/281 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निर्देशों के क्रम में थाना राजपुर पुलिस टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन कार मैग्नाइट संख्या UK 07 FD 4507 की पहचान की गई। दिनांक 18.12.2025 को वाहन को बरामद किया गया, जो घटना के दिन अभियुक्त अनमोल यादव द्वारा चलाया जा रहा था।

पुलिस से बचने के लिए आरोपी मोबाइल स्विच ऑफ कर राजस्थान के जयपुर भाग गया था। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी की और अंततः दिनांक 21.12.2025 को अभियुक्त अनमोल यादव को जयपुर, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
अनमोल यादव पुत्र स्वर्गीय श्री महेंद्र यादव
निवासी – कुटालवाली जोहड़ी गांव, जाखन, थाना राजपुर, जनपद देहरादून
उम्र – 22 वर्ष

दून पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं में लापरवाही बरतने वालों के प्रति सख्त संदेश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *