शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश, बेसिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में लायी जाए तेजी

देहरादून ,
प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत बेसिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। जनपदवार आयोजित की जा रही इस भर्ती प्रक्रिया के तहत 1670 रिक्त पदों के सापेक्ष कुल 61,861 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिक्षा मंत्री के निर्देशों के क्रम में प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न जनपदों में बेसिक शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। प्राप्त आवेदनों की जनपद स्तर पर गहन स्क्रूटनी की जा रही है, ताकि समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

जनपदवार प्राप्त आवेदनों के अनुसार पौड़ी में 230 रिक्त पदों के सापेक्ष 6,600 आवेदन, चमोली में 162 पदों के सापेक्ष 6,040, रुद्रप्रयाग में 155 पदों के सापेक्ष 5,667, टिहरी में 216 पदों के सापेक्ष 6,100, उत्तरकाशी में 134 पदों के सापेक्ष 5,259, देहरादून में 97 पदों के सापेक्ष 2,813, नैनीताल में 129 पदों के सापेक्ष 6,255, अल्मोड़ा में 241 पदों के सापेक्ष 6,634, बागेश्वर में 118 पदों के सापेक्ष 5,780, चम्पावत में 85 पदों के सापेक्ष 5,190 तथा पिथौरागढ़ में 103 रिक्त पदों के सापेक्ष 5,523 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आवेदकों के शैक्षिक दस्तावेजों के आधार पर शैक्षिक गुणांक निर्धारित कर मेरिट सूची तैयार की जा रही है। स्क्रूटनी पूर्ण होने के उपरांत मेरिट सूची विभागीय वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी 11 जनपदों के जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) को निर्देशित किया है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और तय समय-सीमा के भीतर संपन्न किया जाए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मेरिट सूची जारी होने के बाद जनपद स्तर पर रिक्त पदों के सापेक्ष अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जाएगा।

One thought on “शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश, बेसिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में लायी जाए तेजी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *