देहरादून,
ढोल-नगाड़ों और युवा जोश के साथ श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) का वार्षिक खेल महोत्सव “खेलोत्सव–2025” सोमवार को शानदार अंदाज़ में शुरू हुआ। विश्वविद्यालय परिसर “खेल ही जीवन है” के उद्घोष से गूंज उठा।
माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने सभी खिलाड़ियों, संकाय सदस्यों और आयोजन समिति को शुभकामनाएँ देते हुए कहा —
“खेल अनुशासन का मंदिर हैं, जहाँ हार और जीत दोनों ही शिक्षक बनकर आते हैं।”
प्रो. प्रथपन के. पिल्लई (प्रभारी कुलपति व प्रेसिडेंट के सलाहकार) ने औपचारिक रूप से खेलोत्सव का उद्घाटन किया। डाॅ. पुनीत ओहरी, एस.पी. जोशी और अंजलि यादव ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।
13 से 18 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्सव में 5000 से अधिक छात्र-छात्राएं 15 खेल प्रतियोगिताओं में अपने कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की ड्रॉप बॉल खिलाड़ी अंजलि यादव के नेतृत्व में हुई मशाल यात्रा ने पूरे परिसर में “जोश, जुनून और जज्बे” की लहर दौड़ा दी।
उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने गढ़वाली लोक नृत्य और योगिक आसनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित परेड करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी और स्पोर्ट्स स्प्रिट की शपथ ली।
प्रो. पिल्लई ने घोषणा की कि जनवरी 2026 में “एसजीआरआरयू प्रेसिडेंट क्रिकेट ट्राॅफी” का आयोजन किया जाएगा, और विजेताओं को 10 फरवरी 2026 को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. मालविका कांडपाल, डॉ. आशीष कुलश्रेष्ठ, डॉ. श्रेया कोटनाला, डॉ. अशोक भंडारी, डॉ. मनीष देव शर्मा सहित सभी विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और हजारों विद्यार्थी उपस्थित रहे।