देहरादून ,
परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले दशहरा पुतला दहन कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने स्थल का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों और बड़ी संख्या में उमड़ने वाली जनता को देखते हुए एसएसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह त्रुटिरहित होनी चाहिए।
एसएसपी ने कहा कि सभी वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा किया जाएगा। परेड ग्राउंड के आसपास किसी वाहन को रोकने की अनुमति नहीं होगी। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।
भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि पुतला दहन के बाद लोगों के एक साथ बाहर निकलने की स्थिति में भगदड़ न हो, इसके लिए सभी निकास मार्गों को पहले से ही साफ रखा जाए और किसी भी प्रकार की दुकान या ठेला वहां न लगे।
सुरक्षा प्रबंधन के तहत पूरे स्थल की निगरानी 15 सीसीटीवी कैमरों से होगी। परेड ग्राउंड और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें 03 क्षेत्राधिकारी, 06 निरीक्षक, 33 उपनिरीक्षक, 90 हवलदार/कांस्टेबल, 17 महिला कांस्टेबल, 02 प्लाटून पीएसी, डेढ़ सेक्शन महिला पीएसी, 02 फायर टेंडर, 01 क्यूआरटी टीम और 01 घुड़सवार पुलिस दस्ता शामिल है।