देहरादून ,
राजधानी और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सहस्त्रधारा क्षेत्र में करलिगाड़ नदी पर बादल फटने से भारी तबाही मच गई है। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से करलिगाड़ पर बना एक पुल बह गया, जबकि नदी किनारे की दर्जनों दुकानों और दो होटलों को भारी नुकसान पहुँचा है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस आपदा में दो लोगों के बह जाने की सूचना मिली है। देर रात सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने रेस्क्यू और राहत कार्य शुरू कर दिए। डीएम सविन बंसल ने खुद मोर्चा संभालते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड में डाल दिया।
रातोंरात एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, लोनिवि और अन्य विभागों की टीमों को जेसीबी और आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर भेजा गया। नदी किनारे रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
एसडीएम कुमकुम जोशी भी घटनास्थल पर पहुँचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रही हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे प्रशासन ने राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।