देहरादून,
पड़ोसी देश नेपाल में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर के जिला प्रशासन, पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में नेपाल से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएं और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचनाओं की रोकथाम को लेकर भी सतर्कता बरतने को कहा।
धामी ने जिला प्रशासन को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और SSB के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और ग्रामीणों, ग्राम समितियों, पुलिस व वन विभाग के साथ मिलकर निगरानी तंत्र को और सशक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमाओं से लगे प्रवेश मार्गों की नियमित मॉनिटरिंग होनी चाहिए और आवागमन पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने भारत सरकार द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के भी आदेश दिए।
इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव (गृह), एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, एडीजी इंटेलिजेंस, कुमाऊं मंडलायुक्त, कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, तथा चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और SSB अधिकारी मौजूद रहे।