जनसमस्याओं पर चर्चा के साथ नागरिकों को दी विकास की सौगात
देहरादून,
देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 42 कांवली स्थित कालिन्दी एनक्लेव में आज नागरिकों के लिए विकास का एक और द्वार खुला। मेयर सौरभ थपलियाल ने यहां नवनिर्मित पार्क का विधिवत लोकार्पण कर उसे स्थानीय नागरिकों को समर्पित किया। यह आयोजन कालिन्दी एनक्लेव नागरिक वेलफेयर सोसाइटी द्वारा सामुदायिक भवन, कालिन्दी पार्क में आयोजित स्वागत व जनसमस्याओं पर आधारित बैठक के अवसर पर संपन्न हुआ।
मेयर सौरभ थपलियाल ने इस मौके पर कहा कि नगर निगम नागरिक सुविधाओं के विस्तार हेतु लगातार कार्य कर रहा है और पार्कों का विकास शहर को हरा-भरा रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर वार्ड की पार्षद श्रीमती रेणु घेल, पार्षद संजय सिंघल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, वरिष्ठ नागरिक व समाजसेवी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं जैसे जल निकासी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता पर चर्चा की गई तथा मेयर ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।