शासन ने सौंपा कुलपति का अतिरिक्त प्रभार, एक वर्ष तक देखेंगे जिम्मेदारी
देहरादून ,
उत्तराखंड सरकार ने राज्य खेल विश्वविद्यालय के संचालन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम फैसला लेते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं एडीजी अमित सिन्हा को विश्वविद्यालय का कुलपति (Vice-Chancellor) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। यह जिम्मेदारी उन्हें एक वर्ष के लिए अथवा स्थायी नियुक्ति होने तक दी गई है।
24 जुलाई को हुआ आदेश जारी
24 जुलाई 2025 को खेलकूद अनुभाग की ओर से शासनादेश संख्या 639/वीआई-3/2025-30(16)/2021 जारी किया गया, जिसके तहत श्री सिन्हा को यह दायित्व तत्काल प्रभाव से सौंपा गया है।
शासनादेश के अनुसार इस अतिरिक्त दायित्व के लिए कोई अतिरिक्त वेतन अथवा भत्ता देय नहीं होगा।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद हुआ निर्णय
यह नियुक्ति उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्ताव एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वीकृति के उपरांत की गई है। आदेश पर अपर सचिव गरिमा रौनकली और अनु सचिव गोकर्ण सिंह रावत के डिजिटल हस्ताक्षर हैं।
सभी संबंधित विभागों को भेजी गई प्रतिलिपि
आदेश की प्रतियां मुख्यमंत्री कार्यालय, खेल मंत्री, प्रमुख सचिव, संबंधित निदेशालयों, विश्वविद्यालय प्रशासन एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों को भेज दी गई हैं।
उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण एवं अकादमिक सहयोग देने के उद्देश्य से राज्य खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। शासन का यह निर्णय विश्वविद्यालय संचालन में प्रशासनिक अनुभव और अनुशासन को बढ़ावा देने के तौर पर देखा जा रहा है।