देहरादून,
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सोमवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात संसद के मानसून सत्र के दौरान श्री नड्डा के संसदीय कक्ष में हुई।
इस दौरान श्री भट्ट ने उन्हें पुनः उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष का दायित्व सौंपे जाने के लिए आभार जताया और भरोसा दिलाया कि वे केंद्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
पंचायत चुनाव में भाजपा की मजबूती पर जताया भरोसा
भेंट के दौरान श्री भट्ट ने उत्तराखंड में चल रही पंचायत चुनाव प्रक्रिया की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पार्टी इस चुनाव में भी प्रचंड जीत की ओर अग्रसर है। उन्होंने प्रदेश संगठन की चुनावी तैयारियों व रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की।
संगठनात्मक गतिविधियों से कराया अवगत
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को उत्तराखंड में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे वर्तमान व आगामी कार्यक्रमों तथा सांगठनिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार पार्टी जमीनी स्तर तक जनसंपर्क और कार्यकर्ता प्रशिक्षण जैसे अभियानों को गति दे रही है।
श्री भट्ट की यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही है, जहां उन्होंने केंद्र व प्रदेश नेतृत्व के बीच संगठनात्मक समन्वय को और मजबूत करने का संदेश दिया।