हल्द्वानी में पन्द्रह वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना घोर निंदनीयः कांग्रेस

नाबालिग से दुष्कर्म की घटना ने देवभूमि को एक बार फिर से किया शर्मसारः करन माहरा
देहरादून ,

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने हल्द्वानी के मुखानी में पन्द्रह वर्षीय नाबालिग के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना की कठोर शब्दों में निन्दा करते हुए इसे देवभूमि उत्तराखण्ड को एक बार फिर से कलंकित करने वाली घटना बताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से देवभूमि को एक बार फिर से शर्मसार किया है। उन्होंने प्रदेश में लगातार घट रही दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि राज्य सरकार की लचर और लंगडी कानून व्यवस्था के चलते अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून एवं पुलिस का कोई भय नहीं है तथा निर्भीक होकर सामूहिक दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध की घटनाओं को लगातार अंजाम देते आ रहे हैं। इस अवसर पर करन माहरा ने कहा कि पिछले दो वर्ष के अंतराल में देश में महिलाओं पर लगातार अत्याचार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है, दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं ने देवभूमि का शर्मसार कर दिया है तथा राज्य की कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर बहादराबाद में चैदह वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना हो या आईएसबीटी देहरादून में नाबालिग अल्पसंख्यक बेटी के साथ सामूहिक दुराचार और रूद्रपुर में अल्पसंख्यक महिला नर्स के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जनपद में चार नाबालिग दलित बेटियों के साथ बलात्कार की घटना तथा अब हल्द्वानी के मुखानी में पन्द्रह वर्षीय नाबालिग युवती से सामूहिक दुष्कर्म हो रहे है और यह सभी घटनायें मानवता को शर्मशार तथा देवभूमि को कलंकित करने वाली घटनायें हैं। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि जिस प्रकार पिछले दो वर्ष में महिलाओं के साथ दुष्कर्म व अत्याचार की घटनायें हुई हैं उससे मां-बाप अपनी बटियों को घर से बाहर भेजने से भी कतरा रहे हैं उनके मन में असुरक्षा की भावना बढती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे इस प्रकार के जघन्य एवं अक्षम्य अपराधों से पुष्कर सिंह धामी सरकार की महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनहीनता भी उजागर हुई है। उन्होंने कहा कि नाबालिकों के साथ एक के बाद एक घट रही दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनायें प्रदेश की जनता को विचलित कर रही हैं परन्तु भाजपा की राज्य सरकार और राज्य की कानून व्यवस्था इन पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश में पूरी तरह जंगलराज कायम हो चुका है तथा सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *