घोषित तिथि तक सड़कों को गड्डा मुक्त करने का वादा झूठ का पुलिंदाः कांग्रेस

अभी भी कई सड़कों में गड्ढे ही गड्ढेः नवीन जोशी
देहरादून ,

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नवीन जोशी ने मुख्यमंत्री द्वारा आज की तिथि तक प्रदेश की सभी सड़कें गड्डा मुक्त करने के वादे को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के मुख्यमंत्री के वादे खोखले साबित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी कई सड़कों में गड्ढे ही गड्ढे दिखाई दे रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के वादे पर एक बयान जारी करते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री नवीन जोशी ने कहा कि प्रदेश की सड़कें तो दूर की कौडी है और आज तक प्रदेश की राजधानी देहरादून की सड़कें भी गड्ढा मुक्त नहीं हो पाई हैं तथा आम जनता को गड्ढा युक्त सड़कों पर चलने का मजबूर है। उन्होंने कहा कि देहरादून महानगर में स्मार्ट सिटी की घोषणा के उपरान्त जिस प्रकार बिना किसी रोड मैप के सड़कों, नालियों और सीवर लाईनों की खुदाई की गई उसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा है। इस अवसर पर नवीन जोशी ने कहा कि पिछले चार माह में उन्होंने देहरादून महानगर के लगभग सभी वार्डों का दौरा किया जिसमें पाया कि लगभग सभी वार्डों में सडकों व नालियों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पूरी बरसात का समय निकल गया है परन्तु अभी तक देहरादून महानगर की एक भी नाली साफ नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि बरसात का पानी आज भी नालियों में जमा हो रखा है जिससे मच्छरों का साम्राज्य फैल रहा है तथा डेंगू, मलेरिया से लेकर तरह-तरह की बीमारियों का सामना जनता को करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम बोर्ड भंग होने के कारण शहर में नियमित रूप से छिड़काव भी नहीं हो पा रहा है तथा वार्डों में नियुक्त किये गये सफाई कर्मचारियों का भी कोई अता पता नहीं है और जिनके नाम पर लाखों रूपये का निगम को चूना लगाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश कंाग्रेस महामंत्री नवीन जोशी ने यह भी कहा कि भाजपा के पिछले नगर निगम के तत्कालीन मेयर के कार्यकाल में विकास का एक भी काम नहीं हो पाया बल्कि जो सड़कें चलने लायक थी उन्हें भी स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्यों के नाम पर खोद कर गड्ढ़ों में बदल दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्यों के लिए आये करोड़ों रूपये की बंदरबांट कर भारी घोटाले को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि नगर निकायों में चुनाव समय पर कराने से भाजपा कतरा रही है तथा बार-बार प्रशासकों का कार्यकाल बढ़ती जा रही है जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *