पीएम से उत्तराखंड के लिए प्रदेश की स्थाई राजधानी गैरसैंण सहित चार गारंटी मांगी

भाजपा शासन वर्ष 2018 में इन्वेस्टर समिट का आयोजन हुआ, पर एक भी उ़द्योग धरातल पर नहीं उतराः यूकेडी
देहरादून ,

उत्तराखंड क्रांति दल के केन्द्रीय महामंत्री एडवोकेट विजय कुमार बौडाई ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उत्तराखंड के लिए प्रदेश की स्थाई राजधानी गैरसैंण बनाये जाने सहित चार गारंटी की मांग की है। यहां कचहरी रोड स्थित दल के केन्द्रीय कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आठ एवं नौ दिसम्बर को वन अनुसंधान संस्थान में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश में रोड शो कर प्रचार किया जा रहा है। इस अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल के केन्द्रीय महामंत्री विजय बौड़ाई ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले शासन में वर्ष 2018 में इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया था। इस दौरान करोड़ांे रुपये खर्च किये गये लेकिन उसमें एक भी उद्योग धरातल पर नहीं दिखाई दिया और न ही कोई ऐसा आंकड़ा राज्य सरकार ने आज तक दिया है कि कितने उद्योग लगे और कितने लोगों को उसमें रोजगार मिल पाया है। उन्होंने कहा कि इस बार भी भाजपा सरकार वर्तमान में देश-विदेश में रोड शो कर प्रचार कर रही है। ग्लोबल समिट तैयारी पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में इस बात का ध्यान रखा जाए कि समिट का उद्देश्य पूरा हो तथा राज्यवासियों को रोजगार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि शासन के आदेशानुसार सभी उद्योगों में 70 प्रतिशत रोजगार उत्तराखंड के निवासियों को मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इस अवसर पर विजय कुमार बौड़ाई ने बताया कि सबसे महत्वपूर्ण बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस समिट में सम्मिलित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड देवभूम में हृदय की गहराई से स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बनने के बाद लगभग 14 वर्ष का शासन काल भाजपा का रहा है लेकिन उत्तराखंड राज्य बनने के समय से चार मुख्य मांगे आज तक पूरी नहीं हो पाई हैं और जबकि इसमें ज्यादा समय भाजपा की सरकार रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के शहीदों का सपना था कि गैरसैंण स्थाई राजधानी बने,सशक्त भू कानून, मूल निवास 1950, और विशेष राज्य का दर्जा उत्तराखंड को मिले लेकिन आज तक इस ओर किसी भी प्रकार की कोई कार्ययोजना तैयार नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि आजकल चुनाव में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सभी जगह गारंटी दे रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जो गारंटी है वह गारंटी होती है, इसलिए उत्तराखंड क्रांति दल उत्तराखंड के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से चार गारंटी मांग रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्थाई राजधानी गैरसैंण बनाये जाने, मूल निवास 1950 लागू किये जाने, राज्य में सशक्त भू कानून और विशेष राज्य का दर्जा प्रदान किया जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *