विश्व मानक दिवस पर स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर – uttarakhandawaaz.in

विश्व मानक दिवस पर स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर

BIS देहरादून के कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने किया प्रतिभाग, गुणवत्ता मानकों के प्रसार में योगदान देने वालों को किया सम्मानित

देहरादून ,

विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से मोहबेवाला स्थित होटल रीजेंटा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘सतत विकास लक्ष्य-7: सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा’ रही। कार्यक्रम में उद्योग जगत, औद्योगिक संगठनों, ज्वेलरी क्षेत्र और बीआईएस लाइसेंसधारकों सहित 200 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर सचिव रुचि मोहन रयाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अनुपम द्विवेदी सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA), इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, PHDCCI और UIWA के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

स्वच्छ ऊर्जा और गुणवत्ता मानकों की भूमिका पर चर्चा

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करना, ऊर्जा दक्षता बढ़ाना और नवीकरणीय ऊर्जा तकनीकों के उपयोग में भारतीय मानकों की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस दौरान Exide, Microtek, Novateur और Mochiko के विशेषज्ञों ने स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। विशेषज्ञों ने ऊर्जा क्षेत्र में गुणवत्ता मानकों के महत्व, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

गुणवत्ता मानकों के प्रसार में योगदान देने वाले सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उद्योग संगठनों, ज्वेलरी एसोसिएशन, प्रमुख बीआईएस लाइसेंसधारकों और मेंटरों को गुणवत्ता व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा भारतीय मानकों के प्रसार में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बीआईएस देहरादून शाखा के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत आड़े ने ब्यूरो की विभिन्न पहलों की जानकारी दी। उन्होंने अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने, ईज ऑफ कंप्लायंस को बढ़ावा देने और हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने और उद्योगों में गुणवत्ता मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में भारतीय मानक ब्यूरो की महत्वपूर्ण भूमिका है।

सतत विकास के लिए आपसी सहयोग जरूरी

कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा तक आमजन की पहुंच बढ़ाने, ऊर्जा संरक्षण को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों के विकास के लिए गुणवत्ता मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।

साथ ही, सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए उद्योगों, संस्थानों और मानक निर्धारण से जुड़ी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में गुणवत्ता, विश्वसनीयता और टिकाऊ तकनीकों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *