बोले- भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को देश की विविधता, संस्कृति और विकास को करीब से समझने का मिलता है अवसर
देहरादून/टिहरी ,
युवाओं और विशेष रूप से Gen-Z विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद का सिलसिला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से आए 68 मेधावी छात्र-छात्राओं से संवाद किया। टिहरी स्थित स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में आयोजित भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके अनुभवों और भविष्य की आकांक्षाओं को लेकर बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को नजदीक से समझने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे अनुभव कक्षा की सीमाओं से बाहर निकलकर विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं को समझना और वहां की उपलब्धियों से सीख लेना बेहद उपयोगी है। भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभवों को विद्यार्थियों को अपने साथियों के साथ भी साझा करना चाहिए। देश के प्रतिष्ठित एवं बड़े संस्थानों का भ्रमण उनके भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से मिलती है सफलता
मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों को गुरुजनों और माता-पिता के प्रति सम्मान एवं श्रद्धाभाव बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सामान्य से असामान्य बनने के लिए निरंतर प्रयास करने वाले लोगों ने ही इतिहास रचा है। यदि संकल्प दृढ़ हो और प्रयास ईमानदारी से किया जाए तो कोई भी बाधा सफलता की राह नहीं रोक सकती।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। उत्तराखंड सरकार भी राज्य को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उत्तराखंड के फैसले अन्य राज्यों के लिए बन रहे उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग की सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना है। इसके साथ ही प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है। राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण निर्णय देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा और उदाहरण बन रहे हैं तथा वे भी ऐसे फैसलों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
विधायक विनोद कंडारी की पहल को सराहा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया जाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। ऐसे कार्यक्रम दूर-दराज क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों और विभिन्न क्षेत्रों को देखने-समझने का अवसर उपलब्ध कराते हैं।
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सीधे मुख्यमंत्री से संवाद करने का अवसर मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हमेशा सहयोग मिलता रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।