15 सितंबर से शुरू होगा गड्ढामुक्त अभियान, खराब स्ट्रीट लाइटों की भी होगी मरम्मत

देहरादून ,

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को स्पष्ट समयसीमा के साथ जिम्मेदारी सौंपते हुए सड़कों को गड्ढामुक्त करने और खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।

मानसून अवधि समाप्त होने के बाद 15 सितंबर 2026 से जिलेभर में गड्ढामुक्त अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 30 अक्टूबर 2026 तक सभी प्रमुख सड़कों और संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

15 सितंबर से शुरू होगा अभियान

निर्माणदायी एजेंसियों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों का सर्वेक्षण पूरा कराया गया है। वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर सड़कों की मरम्मत पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

प्रशासन का फोकस मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को दुरुस्त करने के साथ ही शहर और जिले के प्रमुख मार्गों पर यातायात के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर रहेगा।

40 टीम संभालेंगी स्ट्रीट लाइटों की जिम्मेदारी

सड़कों के साथ-साथ देहरादून शहर की प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम की भी अभियान में सक्रिय भूमिका रहेगी। नगर निगम क्षेत्र में 1,14,171 स्ट्रीट लाइटों में से 1696 स्ट्रीट लाइटें खराब होने की शिकायतें सामने आई हैं।

शिकायतों के तत्काल निस्तारण के लिए नगर निगम ने अलग-अलग क्षेत्रों में 40 विशेष टीमें तैनात की हैं। ये टीमें मौके पर पहुंचकर खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने के साथ उनकी ऑनलाइन एंट्री भी करेंगी।

मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाएगा।

वर्चुअल मॉनिटरिंग से होगी कार्यों की निगरानी

व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने और समस्याओं का तत्काल समाधान करने के लिए जिलाधिकारी ने अलग-अलग क्षेत्रों के 20-20 जिला स्तरीय अधिकारियों की टीमें गठित की हैं।

इन टीमों में स्ट्रीट लाइट, गार्बेज प्वाइंट, मोटर मार्ग, फ्लड सेफ्टी और विद्युत चोरी की रोकथाम से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर समस्याओं की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान खराब व्यवस्थाओं और उनकी गुणवत्ता को लेकर भी मौके पर संबंधित विभाग को सूचना दी जाएगी, ताकि समस्या के चिन्हित होने और समाधान के बीच अनावश्यक देरी न हो।

दैनिक रिपोर्ट के आधार पर होगा निस्तारण

टास्क फोर्स की दैनिक रिपोर्ट के आधार पर चिन्हित समस्याओं को प्राथमिकता के अनुसार निस्तारित कराया जाएगा। प्रशासन की कोशिश है कि मानसून के बाद शहर एवं जिले की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

जिला प्रशासन का दावा है कि इस दोहरी रणनीति से देहरादून की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था में सुधार आएगा। 15 सितंबर से शुरू होने वाला गड्ढामुक्त अभियान 30 अक्टूबर तक कितना प्रभावी रहता है, इस पर प्रशासन की लगातार निगरानी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *