उत्तराखंड में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की राह खुली

सीएम धामी के प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने दिए विभागीय परीक्षण के निर्देश, प्रदेश में मजबूत होंगी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं

देहरादून ,

उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल को केंद्र सरकार से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राज्य में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से संबंधित प्रस्तावों के विभागीय परीक्षण के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के उद्देश्य से केंद्र सरकार के समक्ष दोनों संस्थानों की स्थापना का प्रस्ताव रखा था। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े प्रस्तावों को संबंधित विभागों एवं प्रभागों को परीक्षण के लिए भेजा गया है।

गंभीर बीमारियों के उपचार को मिलेगा सहारा

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के स्तर पर संबंधित विभाग/प्रभाग द्वारा परीक्षण किया जा रहा है। अस्पताल की स्थापना होने पर गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए प्रदेश में ही अत्याधुनिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इससे मरीजों को उपचार के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों की ओर जाने की जरूरत कम होने की उम्मीद है। साथ ही प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के स्तर पर मजबूती मिलेगी।

पैरामेडिकल कॉलेज से तैयार होंगे प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी

वहीं, एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना के प्रस्ताव का भी संबंधित प्रभाग से परीक्षण कराया जा रहा है। कॉलेज के माध्यम से प्रशिक्षित तकनीकी एवं सहयोगी स्वास्थ्यकर्मियों का मानव संसाधन तैयार किया जा सकेगा।

प्रदेश में पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बढ़ने से अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक तकनीकी एवं सहयोगी सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा देने की तैयारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों प्रस्तावों के विभागीय परीक्षण को उत्तराखंड की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही चिकित्सा और पैरामेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

केंद्र स्तर पर दोनों प्रस्तावों का परीक्षण शुरू होना उत्तराखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन संस्थानों की स्थापना से प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षित स्वास्थ्य मानव संसाधन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *