उत्तराखंड में 9.87 लाख पेंशन लाभार्थियों को ₹146.32 करोड़ की पेंशन जारी, CM धामी ने किया DBT भुगतान

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत 9 लाख 87 हजार 17 पेंशन लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान कुल ₹146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे खातों में भेजा जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि बुजुर्ग माता-पिता, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक और समय पर उसका अधिकार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास सुनिश्चित हो।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किश्त के तहत विभिन्न योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को भुगतान किया गया है। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं, जिन्हें वर्तमान में SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।

विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत भुगतान

  • वृद्धावस्था पेंशन: 6,15,628 लाभार्थी — ₹92.34 करोड़
  • विधवा पेंशन: 2,36,983 लाभार्थी — ₹35.54 करोड़
  • दिव्यांग पेंशन: 89,128 लाभार्थी — ₹13.36 करोड़
  • किसान पेंशन: 27,288 लाभार्थी — ₹3.20 करोड़
  • परित्यक्ता पेंशन: 8,284 लाभार्थी — ₹99.40 लाख
  • भरण-पोषण अनुदान: 7,383 लाभार्थी — ₹51.68 लाख
  • तीलू रौतेली पेंशन: 2,196 लाभार्थी — ₹26.35 लाख
  • बौना पेंशन: 127 लाभार्थी — ₹1.52 लाख

इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, गोवर्धन सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *