देहरादून ,
उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते आगामी दिनों में कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने 9 अगस्त को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली, जबकि 10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त को राज्य के कई पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत तीव्र वर्षा की आशंका जताई गई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
मौसम की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। विभागों को आवश्यक संसाधन और उपकरण तैयार रखने तथा सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन स्विच ऑफ न करने, आवश्यक सुरक्षा उपकरण साथ रखने तथा किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) को देने को कहा गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों, गदेरों और बरसाती नालों के पास जाने से बचने, जलभराव वाले स्थानों और कमजोर पुलों को पार न करने तथा भूस्खलन और पत्थर गिरने वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की भी अपील की गई है।