देहरादून,
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट और अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने 6 अगस्त (गुरुवार) को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश रहेगा। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और संभावित आपदा जोखिम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना है। ऐसे मौसम में विद्यार्थियों की आवाजाही जोखिमपूर्ण हो सकती है, इसलिए एहतियात के तौर पर शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके तहत जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 6 अगस्त को बंद रहेंगे।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को तत्काल सूचना देने की भी अपील की गई है।