देहरादून ,
रणजी ट्रॉफी 2025–26 के क्वार्टरफाइनल में उत्तराखंड ने शानदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए झारखंड को एक पारी और छह रन से पराजित कर पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस यादगार जीत के नायक मयंक मिश्रा रहे, जिन्होंने मैच में कुल आठ विकेट झटके, जबकि शीर्ष बल्लेबाजों की अर्धशतकीय पारियों ने टीम की जीत को मजबूत आधार दिया।
उत्तराखंड, जो वर्ष 2018 से रणजी ट्रॉफी में हिस्सा ले रहा है, ने इस मुकाबले को मात्र तीन दिनों में समाप्त कर क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा। झारखंड की दूसरी पारी में मयंक मिश्रा ने सर्वाधिक पांच विकेट हासिल किए, वहीं अभय नेगी ने चार विकेट लेकर विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया। मयंक मिश्रा ने पहली पारी में भी तीन विकेट लिए थे, जिससे उनका कुल विकेटों का आंकड़ा आठ तक पहुंच गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो प्रदेश के खिलाड़ियों के मनोबल और आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन को भी उनके निरंतर प्रयासों और योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम के बेहतर टीमवर्क, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए सेमीफाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि उत्तराखंड की टीम सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचकर राज्य का गौरव और बढ़ाएगी।