सेलाकुई स्थित फार्मा सिटी की कंपनियों में पुलिस-औषधि विभाग का औचक निरीक्षण

संदिग्ध दवाओं के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

देहरादून,

मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा समस्त अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में औषधि विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए फार्मास्युटिकल कंपनियों एवं मेडिकल स्टोरों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में थाना सेलाकुई पुलिस द्वारा आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को औषधि विभाग की टीम के साथ सेलाकुई क्षेत्रांतर्गत स्थित फार्मा सिटी में स्थापित विभिन्न दवा निर्माण कंपनियों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान औषधि विभाग की टीम द्वारा कंपनियों में निर्मित औषधियों की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान संदिग्ध प्रतीत होने वाली कुछ दवाइयों के सैंपल लिए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि औषधियों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की अनियमितता या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित कंपनियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा औषधियों के अवैध निर्माण, वितरण या मादक पदार्थों के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में सख़्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *