विकासनगर / देहरादून ,
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएनवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने प्रदेश सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह से सरकार ने फर्जी बाबाओं और साधुओं के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि चलाया है, उसी तर्ज पर प्रदेश के भ्रष्ट मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के खिलाफ ऑपरेशन भस्मासुर चलाया जाना चाहिए।
नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि बीते 15–20 वर्षों में ये भ्रष्ट नेता और अधिकारी सुविधा शुल्क व अवैध वसूली कर प्रदेश की जनता से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों करोड़ रुपये लूट चुके हैं। इसी लूट से उन्होंने अपने विशाल वाणिज्यिक साम्राज्य खड़े कर लिए, जबकि आम जनता आज भी तिल-तिल कर जीने को मजबूर है।
“दाल-रोटी को मोहताज से अरबपति बनने तक का सफर”
मोर्चा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जो नेता और अधिकारी कभी दाल-रोटी के लिए मोहताज थे, वे आज सैकड़ों-हजारों करोड़ रुपये के मालिक कैसे बन गए? उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की गरीब जनता के साथ सीधी लूट है और इसकी कड़ी जांच होनी चाहिए।
राजभवन से संज्ञान लेने की मांग
नेगी ने कहा कि सरकार इन भ्रष्ट लोगों की जांच कराने से बच रही है, लेकिन अब जनता चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने राजभवन से भी इस मामले में संज्ञान लेने की अपील की।
पत्रकार वार्ता के दौरान सलीम मुजीबुर्रहमान और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे।