धामी कैबिनेट में जल्द बड़ा बदलाव, पांच पद खाली होने से सियासी सरगर्मी तेज

देहरादून ,

उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद धामी कैबिनेट में जल्द ही बड़ा फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्रवाल का इस्तीफा राज्यपाल को भेज दिया है। अब मुख्यमंत्री नए चेहरों को कैबिनेट में शामिल करने और संभावित बदलावों को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन लेने के लिए दिल्ली जा सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, धामी सरकार के तीन साल पूरे होने से पहले चार नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। साथ ही एक मौजूदा मंत्री की भी छुट्टी हो सकती है। अग्रवाल के इस्तीफे के बाद अब कैबिनेट में कुल पांच पद रिक्त हो गए हैं।

इन नामों की हो रही चर्चा
मंत्री पद के लिए मदन कौशिक, बिशन सिंह चुफाल, बंशीधर भगत, खजानदास और अरविंद पांडेय के नाम चर्चा में हैं। हरिद्वार से मदन कौशिक, आदेश चौहान और विनोद चमोली, टिहरी क्षेत्र से मुन्ना सिंह चौहान, सहदेव पुंडीर और उमेश शर्मा काऊ, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर से अरविंद पांडेय और शिव अरोड़ा, जबकि कुमाऊं से बिशन सिंह चुफाल का नाम आगे है।

इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण को कैबिनेट में लाने और गढ़वाल से किसी वरिष्ठ नेता को स्पीकर बनाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री धामी ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। अब सभी की नजरें उनके संभावित दिल्ली दौरे और केंद्रीय नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *