देहरादून ,
प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून स्थित यूनिसन वल्र्ड स्कूल पहुंच कर स्कूल की वार्षिक स्पोर्ट्स मीट स्पर्धा 2024 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्पर्धा 2024 में बालिकाओं ने अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और खेलों के प्रति अपनी दृढ़ता को दिखलाया। इस अवसर पर अपने संबोधन में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बच्चियों का उत्साह और प्रदर्शन देख कर वह यकीन से यह कह सकती है कि खेलों में हमारे प्रदेश का भविष्य उज्जवल है और वह दिन दूर नहीं है और जब उत्तराखण्ड से एक से बढ़कर एक खिलाड़ी ओलंपिक में देश का नाम रोशन करेंगें। उन्होंने जोड़ा कि खेल खिलाड़ी को इतना सक्षम बना देता है कि जब वह ओलंपिक में देश के लिए मेडल लाता है तो देश की पहचान उस खिलाड़ी से होने लगती है। इस अवसर पर प्रदेश के खिलाड़ियों के कल्याण कार्यों का जिक्र करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए हमने खिलाड़ी केंद्रित नीतियां बनाई हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को हमारी सरकार आउट ऑफ द टर्म जाकर सरकारी नौकरी दे रही है और हमें प्रसन्नता है कि अब तक 34 खिलाड़ियों को राजकीय सेवाओं में सरकारी नौकरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही हमारी सरकार खिलाड़ियों को राजकीय सेवाओं में चार प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य कर रही है जिससे खिलाड़ी आर्थिक रूप से तो सशक्त होंगें ही और साथ ही प्रदेश के युवा प्रोत्साहित होकर खेल जगत में अपना सुनहरा भविष्य तलाशने का काम कर सकेंगे। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य की प्रशंसा करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि महिला होकर किसी प्रतिष्ठान को लीड करना अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी का कार्य है और इसके लिए प्रधानाचार्य बधाई की पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यह अपने आप में महिला सशक्तिकरण का एक नायाब उदाहरण है। इस अवसर पर अपने संबोधन में स्वस्थ भारत की परिकल्पना पर बोलते हुए खेल मंत्री ने कहा हमें इस खेल को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए और संकल्प लेना चाहिए कि हम हर दिन एक घंटा स्पोर्ट्स को समर्पित कर स्वस्थ भारत की परिकल्पना को चरितार्थ करेंगें।